टीवी एक्ट्रेस संचिता उगले का सोमवार सुबह निधन हो गया है। शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या माना जा रहा है। दैनिक भास्कर के सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक 30 साल की संचिता अपने माता-पिता और बहन के साथ मुंबई के नालासोपारा में रहती थीं। घटना के समय वह घर पर अकेली थीं। शुरुआती जांच में सामने आया कि उन्होंने साड़ी से फंदा बनाकर फांसी लगाई। अब तक पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मौत से कुछ घंटों पहले पोस्ट किया वीडियो
संचिता के निधन से ठीक कुछ घंटों पहले ही उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक रील पोस्ट की गई थी। वीडियो में एक्ट्रेस ‘डफली वाले, डफली बजा’ गाने पर लिपसिंक करती दिखी थीं। इस वीडियो के कैप्शन में एक्ट्रेस ने लिखा था, ‘मैं नाचूं, तू नचा।’ कमेंट सेक्शन में एक्ट्रेस के फैंस उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। एक्ट्रेस सोशल मीडिया पर बेहद एक्टिव थीं और लगातार पोस्ट करती रहती थीं। उनके इंस्टाग्राम पर 1 लाख 39 हजार फॉलोअर्स हैं। कई टीवी शोज और फिल्मों का हिस्सा रही हैं संचिता संचिता उगले ने कई टीवी शो और फिल्मों में काम किया। वे लोकप्रिय टीवी शो ‘कुमकुम भाग्य’, ‘वागले की दुनिया’ जैसे कई शो का हिस्सा रह चुकी थीं। आखिरी बार वे दंगल टीवी चैनल के शो ‘साजन घर में’ नजर आई थीं। वे पॉपुलर शो ‘दिलवाली दूल्हा ले जाएगी’ में सौरभ बेदी के साथ लीड रोल में नजर आ चुकी हैं। संचिता ने फिल्म ‘छावा’ में भी काम किया था। इसमें वे ताराबाई के किरदार में नजर आई थीं। फिल्म मुख्य भूमिकाओं में विक्की कौशल और अक्षय खन्ना नजर आए थे।
