फिल्म केडीः द डेविल के अश्लील गाने सरके चुनर तेरी सरके का मुद्दा संसद तक पहुंच गया है। संसद सत्र में समाजवादी पार्टी के सांसद आनंद भदोरिया ने सरके चुनरिया गाने की अश्लील लिरिक्स का मुद्दा उठाया था। इस पर सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, ‘अध्यक्ष जी, जिस गाने के बारे में सांसद जी ने कहा है, उस गाने पर पहले ही बैन लग चुका है। मैं स्पष्ट तौर पर आपके माध्यम से पूरे सदन को कहना चाहूंगा कि हमें फ्रीडम ऑफ स्पीच पर भारत के संविधान निर्माताओं ने जो रीजनेबल रिस्ट्रिक्शन लगाए हैं, उसी के हिसाब से चलना चाहिए।’ आगे उन्होंने कहा, ‘आने वाले समय में डिजिटल के माध्यम से जिस तरह से तेजी से चीजें फैलती हैं, उसमें हमें समाज के प्रोटेक्शन खासकर बच्चों के प्रोटेक्शन, महिलाओं के प्रोटेक्शन और पिछड़े वर्ग के प्रोटेक्शन के लिए जो भी कड़े एक्शन लेने पड़ें, वो लेने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।’ विवाद पर फिल्म के डायरेक्टर ने दी है सफाई डायरेक्टर प्रेम जोगी का विवाद पर कहना है कि ये पूरा गाना बोतल पर बना है, जिसे पूरा सुने बिना ही लोग निष्कर्ष पर पहुंच गए। उनका ये भी कहना है कि अगर किसी की सोच गलत है तो वो गाने को गलत ही समझेगा। डायरेक्टर प्रेम के अलावा उनकी पत्नी रक्षिता ने भी विवाद पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर ये गाना अश्लील है तो जब चोली के पीछे जैसे गाने या डर्टी पिक्चर आई तब उस पर आपत्ति क्यों नहीं ली गई। फिल्म केडीः द डेविल के डायरेक्टर प्रेम जोगी ने हाल ही में बैंग्लोर टाइम्स को दिए इंटरव्यू में विवाद पर कहा, “अगर किसी का नजरिया सही है, तो वह इस गाने को गलत तरीके से नहीं लेगा। जब भी किसी महिला का मामला होता है, लोग सबसे बुरा क्यों सोच लेते हैं? लोग असली वीडियो देखे बिना या संदर्भ समझे बिना रिएक्शन दे रहे हैं।” आगे डायरेक्टर कहते हैं, “सेंसर बोर्ड किसी कारण से है। मुझे उन पर भरोसा है और मैं उनके फैसले के साथ खड़ा रहूंगा। अगर कुछ लोग इस गाने को कोई लेबल देना चाहते हैं, तो वे स्वतंत्र हैं। लेकिन मैं जानता हूं कि मेरा इरादा किसी को नुकसान पहुंचाने का नहीं है।” बातचीत में प्रेम जोगी ने ये भी कहा है कि भले ही हिंदी गाना हटा दिया गया है, लेकिन इसका कन्नड़ वर्जन हटाया नहीं जाएगा। वे आलोचना को खारिज नहीं कर रहे, लेकिन उनका कहना है कि वो ऐसे मामलों से निपटने के लिए तैयार हैं। डायरेक्टर की पत्नी ने चोली के पीछे गाने पर उठाया सवाल विवाद के बीच डायरेक्टर प्रेम की पत्नी रक्षिता ने भी कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर गाने और डायरेक्टर के समर्थन वाले कई पोस्ट शेयर किए हैं। इसके साथ उन्होंने लिखा है, जब ‘फीलिंग्स’(पुष्पा-2 का गाना), ‘ड्रीमम वेकअपम’ (अय्या मूवी का गाना), ‘चोली के पीछे’ (खलनायक का गाना) या ऐसे ही 100 गानों में एक जैसी बातें थीं, तब सबको ठीक लगा। जब पूरी फिल्म आई जिसमें दिखाया गया कि एक्टर्स ने पूरी फिल्म में यौन संबंध बनाए, तब भी सबको ठीक लगा। लेकिन एक गाने पर इतना बड़ा मुद्दा बना दिया गया। मैं सिर्फ इसे समझने की कोशिश कर रही हूं, ताकि समझ सकूं कि ऐसा क्यों हो रहा है।” डायरेक्टर की पत्नी ने इस समय डर्टी पिक्चर पर भी सवाल उठाए, जो बोल्ड कंटेंट के लिए विवादों में थी। क्या है पूरा विवाद? पैन इंडिया फिल्म केडीः द डेविल, 30 अप्रैल 2026 को रिलीज होने वाली है। 14 मार्च को इस फिल्म का गाना सरके चुनर तेरी कई भाषाओं में रिलीज हुआ। ये गाना नोरा फतेही और संजय दत्त पर फिल्माया गया था। यूट्यूब पर गाना जारी होते ही सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा, जिसका कारण था, गाने के अश्लील और डबल मीनिंग बोल। इसके अलावा गाने में दिखाए गए डांस स्टेप्स और पिक्चराइजेशन भी काफी आपत्तिजनक थे। सोशल मीडिया पर गाने की जमकर आलोचना हुई, जिसके बाद इसके खिलाफ कई शिकायतें दर्ज हो रही हैं।
